हर वर्ष हम नववर्ष की शुरुआत दूसरों को खुशी और समद्धि की शुभ कामनाएं देकर करते हैं। समृद्धि का सही लक्षण क्या है ? समृद्धि का लक्षण मुसकराहट है। समृद्धि का लक्षण संतोष है। समृद्धि का चिह्न है- मुक्ति , मुस्कान तथा जो कुछ भी अपने पास हो , उसे निर्भय होकर आसपास के लोगों के साथ बांटने की मन:स्थिति। समृद्धि का लक्षण यह आस्था और आत्मविश्वास है कि जो कुछ भी मेरी आवश्यकता है वह मुझे मिल जाएगा। 2011 का स्वागत एक वास्तविक मुसकराहट के साथ करें , एक ऐसी मुसकराहट , जो भीतर से हो। कैलेंडर के पन्ने पलटने के साथ-साथ हम अपने मन के पन्नों को भी पलटते जाएं। प्राय: हमारी डायरी स्मृतियों से भरी हुई होती है। आप देखें कि आपके भविष्य के पन्ने बीती हुई घटनाओं से न भर जाएं। बीते हुए समय से कुछ सीखें , कुछ भूलें और आगे बढ़ें। आप लोभ , घृणा , द्वेष तथा ऐसे अन्य सभी दोषों से मुक्त होने की कोशिशकरें। यदि मन इन सभी नकारात्मकताओं में लिप्त है , तो वह खुश नहीं रह सकता। समझें कि नकारात्मक भावनाएं भूतकाल की वजह से हैं। वर्तमान जीवन के अनुभव को आपका भूतकाल नष्ट न करने पाए। बीते हुए समय को क्षमा नहीं कर ...